जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा कि कोटद्वार क्षेत्र में जनसुविधाओं को मजबूत करने के लिए विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। सड़क, पेयजल, बिजली और जल निकासी जैसी मूलभूत जरूरतों को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।

शुक्रवार को विधानसभा अध्यक्ष ने सनेह क्षेत्र में विभिन्न विकास योजनाओं के शिलापट का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रास्टनगंज, कुंभीचौड़ और सनेह-लालपानी क्षेत्र में मोटर मार्गों पर इंटरलॉकिंग टाइल्स से होने वाले निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। उन्होंने बताया कि राज्य योजना के तहत करीब 2.64 किलोमीटर मोटर मार्गों को इंटरलॉकिंग टाइल्स से विकसित किया जा रहा है। परियोजना पर 135.18 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र के लोगों को खराब सड़कों और जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही आवागमन को भी सुगम बनाया जा सकेगा। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र की जरूरतों को देखते हुए विकास योजनाओं को स्वीकृति दिलाने का प्रयास जारी है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के साथ शहर के विभिन्न हिस्सों में बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराना जरूरी है, ताकि आम लोगों को रोजमर्रा के आवागमन में परेशानी न उठानी पड़े। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से विकास कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित मानकों के अनुसार कार्य कराने पर भी जोर दिया। कहा कि योजनाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंचना चाहिए। इस अवसर पर पार्षद संजय भंडारी, अनिल रावत, कैप्टन हशवंत सिंह रावत, संजय पंथवाल, राजेंद्र जजेडी, गोपाल जखमोला, ललित चौहान, मनदीप नेगी और गोपाल बिष्ट सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।