नईदिल्ली , प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को भारतीय पायलट स्मित मच्छार के परिवार से बात की, जिन पर एक दिन पहले फ्लाईदुबई की फ्लाइट में चाकू से हमला हुआ था।
रिपोर्ट के मुताबिक, मोदी ने मच्छार की पत्नी और माता-पिता से बात की और विमान में सवार 174 यात्रियों की जान बचाने के लिए पायलट की बहादुरी की सराहना की। प्रधानमंत्री ने उनके परिवार को आश्वासन दिया कि भारतीय दूतावास घायल पायलट को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को एक्स पर लिखा, ‘कैप्टन स्मित मच्छार एक हीरो हैं। बेहद खतरनाक हालात और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद, उन्होंने दूसरों की जान बचाने के लिए जबरदस्त हिम्मत और अटूट संकल्प दिखाया।’
उन्होंने लिखा कि उनकी बहादुरी से सैकड़ों लोगों की जान बची और एक बड़ी त्रासदी टल गई, भारत को कैप्टन मच्छार पर गर्व है।
प्रधानमंत्री ने उनके जल्द ठीक होने, नई ताकत पाने और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना की है।
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई उड़ान एफजेड1073 में 150 इजरायली समेत 174 यात्री सवार थे।
विमान जब 34,000 फीट की ऊंचाई पर था, तब कॉकपिट से चेतावनी कोड 7700 और तुरंत बाद आपातकालीन कोड 7500 भेजा गया, जो विमान के गैरकानूनी हस्तक्षेप से जुड़ा है।
इसके बाद इजरायल ने वायुसेना भेज दी। बाद में पता चला कि कॉकपिट के सह-पायलट ने विमान क्रैश की कोशिश की थी, जिसे कैप्टन स्मित ने नाकाम कर दिया। हालांकि, घायल हो गए।