जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राजकीय स्पोट्र्स स्टेडियम में चल रही 76वीं जनपदीय शरदकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिता के तीसरे दिन खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में दमखम दिखाया। दिनभर चले मुकाबलों में वॉलीबाल और हैंडबाल के मैचों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। वॉलीबाल के अंडर-19 बालक वर्ग में दुगड्डा और अंडर-17 वर्ग में नैनीडांडा की टीम ने पहला स्थान हासिल किया।

अंडर-19 बालक वर्ग की वॉलीबाल स्पर्धा में दुगड्डा की टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। पोखड़ा को दूसरा और रिखणीखाल को तीसरा स्थान मिला। वहीं अंडर-17 बालक वर्ग में नैनीडांडा ने बाजी मारी, जबकि रिखणीखाल की टीम दूसरे और एकेश्वर की टीम तीसरे स्थान पर रही। हैंडबाल मुकाबलों में भी खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। अंडर-19 बालिका वर्ग में पौड़ी की टीम विजेता बनी और थलीसैंण ने दूसरा स्थान हासिल किया। अंडर-19 बालक वर्ग के मुकाबले में पहले राउंड में पौड़ी और दूसरे राउंड में जयहरीखाल की टीम ने जीत दर्ज की। अंडर-14 बालिका वर्ग हैंडबाल में पोखड़ा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया, जबकि पौड़ी की टीम उपविजेता रही। प्रतियोगिता में पौड़ी जिले के विभिन्न विकासखंडों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। खेलों के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए शिक्षक और खेल प्रशिक्षक भी मौजूद रहे। इस अवसर पर व्यायाम शिक्षक विनय रावत, धीरेंद्र सिंह, स्टेडियम प्रभारी श्याम सिंह डांगी, धीरेंद्र रावत, महेंद्र सिंह, जयकृत भंडारी, वीरेंद्र सिंह, उमेश चंद्र, बबीता रावत, मालिनी पंथवाल, दिव्या, मोहन सिंह, विनोद पंत, प्रभाकर रावत, सुरेश सिंह, मनोज, बाल गौरव, नीरज पटवाल, जसबीर, अनिल नेगी, सूरज रमोला, सौरभ मिश्र, धमेन्द्र शाह, बृजमोहन भंडारी और सतपाल सिंह असवाल सहित अन्य शिक्षक एवं सहयोगी मौजूद रहे।