गुजरात में भीषण हादसा: ट्रक से टकराई बस, 6 लोगों की मौत, 26 गंभीर

Spread the love

वडोदरा, गुजरात के वडोदरा जिले में बुधवार तड़के एक निजी बस के राजमार्ग पर खड़े एक ट्रक से टकरा जाने से छह लोगों की मौत हो गई और 26 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए. बस राजस्थान से सूरत जा रही थी.पुलिस के मुताबिक, यह हादसा वडोदरा-हालोल राजमार्ग पर कोटांबी गांव के पास तड़के करीब चार बजे हुआ. घायलों को इलाज के लिए वडोदरा के सयाजी हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया है. हादसा इतना भीषण था कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया.
जानकारी के मुताबिक, राजस्थान से सूरत जा रही एक प्राइवेट लग्जरी बस वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम के पास पहुंचते ही एक ट्रक के पीछे से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
वडोदरा के जिला पुलिस अधीक्षक सुशील अग्रवाल ने बताया कि राजस्थान से सूरत जा रही लग्जरी बस, ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई. उन्होंने बताया कि ट्रक सड़क किनारे खड़ा था और उसका चालक टायर में हवा के दबाव की जांच रहा था तभी तेज रफ्तार बस ने उसे पीछे से टक्कर मार दी.
अग्रवाल ने कहा, ”टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में छह लोगों की मौत हो गई जबकि करीब 20 अन्य घायल हो गए. घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.ÓÓ अधिकारी ने बताया कि बस में सवार अधिकतर यात्री राजस्थान के थे.
वहीं हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस, फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं. बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया. रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान गैस कटर समेत कई औजारों से बस के हिस्सों को काटकर यात्रियों को बाहर निकाला गया.
घायलों को तुरंत वडोदरा के सयाजी हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया. एक साथ बड़ी संख्या में घायलों के हॉस्पिटल पहुंचने पर इमरजेंसी डिपार्टमेंट में भारी भीड़ लग गई. डॉक्टरों की एक टीम ने घायलों का तुरंत इलाज शुरू किया.
००

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *