अल्मोड़ा में जल्द शुरू होगा सड़कों का हॉट मिक्स कार्य

Spread the love

अल्मोड़ा। नगर की जर्जर सड़कों से परेशान लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। लोक निर्माण विभाग द्वारा शहर की सड़कों पर हॉट मिक्स कार्य शीघ्र शुरू किए जाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। इस संबंध में भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने विभागीय अधिकारियों से मुलाकात कर कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। भाजपा नेता कैलाश गुरुरानी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता हर्षित गुप्ता से मुलाकात की। इस दौरान अधिशासी अभियंता ने बताया कि हॉट मिक्स कार्य के लिए आवश्यक टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और निर्धारित समय के भीतर कार्य शुरू कर दिया जाएगा। भाजपा नेताओं ने कहा कि करबला से लक्ष्मेश्वर तक हॉट मिक्स के टेंडर स्वीकृत हो चुके हैं, जबकि कर्बला से धारानौला तक पैच वर्क के लिए भी टेंडर जारी किए जा चुके हैं। इन कार्यों के शुरू होने से शहर की सड़कों की स्थिति में सुधार होगा। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि विपक्ष सड़कों के मुद्दे पर बिना पूरी जानकारी के बयानबाजी कर रहा है। उनका कहना था कि सड़कों के सुधार की प्रक्रिया पिछले दो माह से चल रही है और इससे संबंधित सभी दस्तावेज विभाग में उपलब्ध हैं। इस दौरान यह भी बताया गया कि शहर में हॉट मिक्स कार्य के साथ ही चार स्थानों पर प्रस्तावित कल्वर्ट निर्माण कार्य भी जल्द पूरा किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में कैलाश गुरुरानी, पार्षद अमित साह मोनू, पार्षद अर्जुन बिष्ट, मनोज सनवाल और कृष्ण बहादुर सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *