नई दिल्ली , दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। भलस्वा डेरी के पास स्थित मुकुंदपुर-ढ्ढढ्ढ के ईशु विहार में एक मकान में एलपीजी सिलेंडर विस्फोट होने के बाद पूरा घर ढह गया। हादसे के समय मकान में मौजूद कई लोगों के मलबे में दब जाने की आशंका जताई गई, जिसके बाद पुलिस, दमकल विभाग और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए।
दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार, सुबह 9:37 बजे मुकुंदपुर-ढ्ढढ्ढ के ईशु विहार, गली नंबर-1 से धमाके और मकान गिरने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां घटनास्थल पर भेजी गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारी गिरिराज ने बताया कि शुरुआती जांच में एलपीजी सिलेंडर विस्फोट को हादसे का कारण माना जा रहा है। विस्फोट के चलते करीब 250 वर्ग गज में फैला एक मंजिला मकान पूरी तरह ढह गया।
राहत दल ने अब तक मलबे से 6 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। इनमें दो लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि दो महिलाएं भी बचाए गए लोगों में शामिल हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए बीएसए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, मकान में कुछ मजदूर अपने परिवारों के साथ रहते थे। फिलहाल मलबा हटाने का काम जारी है। अधिकारियों का कहना है कि अभी किसी अन्य व्यक्ति के मलबे में फंसे होने की संभावना नहीं दिख रही है, हालांकि एहतियात के तौर पर तलाशी अभियान जारी रखा गया है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
00