कोटद्वार-पौड़ी

आईजी गढ़वाल माह में तीन दिन पौड़ी में करेगें कैंप

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। पुलिस महानिदेशक कानून एवं व्यवस्था (डीजीपी लॉ एंड आर्डर) अशोक कुमार ने कहा कि उनका उद्देश्य है कि पुलिस स्मार्ट, अनुशासित, पारदर्शी व जनता से मित्रवत होने के साथ ही अपराधियों में पुलिस का खौफ हो। आम आदमी पुलिस को देखकर सुरक्षित महसूस करे। उन्होंने कहा कि आइजी गढ़वाल माह में तीन दिन पौड़ी में कैंप करेंगे। पुलिस में अनुशासनहीनता व जनता से दुव्र्यवहार को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
गुरुवार को पुलिस लाइन पौड़ी में डीजीपी (लॉ एंड आर्डर) अशोक कुमार ने पत्रकारों से वार्ता की। उन्होंने कहा कि पहाड़ में साइबर अपराधों में इजाफे को देखते हुए श्रीनगर में साइबर सेल खोला जाएगा। कोटद्वार में यातायात व सीपीयू यूनिट कार्यालय खोले जाएंगे। पुलिस कर्मियों को आम आदमी से मित्रवत व्यवहार करने की नसीहत दी गई है। अनुशासनहीनता व दुव्र्यवहार को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य में नशे व साइबर क्राइम की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिसके नियंत्रण के लिए जिला स्तर पर टास्क फोर्स बनाई गई है। इन अपराधों पर नियंत्रण के भरसक प्रयास किए जा रहे हैं। जनता से भी सहयोग की अपेक्षा है। उन्होंने कहा कि अक्सर थानों में शिकायतें रिसीव नहीं किए जाने की बात सामने आती है। अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक शिकायत को स्वीकार कर कार्रवाई की जाए। पत्रकार वार्ता में एसएसपी पौड़ी पी. रेणुका देवी, एएसपी प्रदीप कुमार राय, एएसपी संचार अनूप काला, सीओ सदर वंदना वर्मा, सीओ श्रीनगर एसडी नौटियाल आदि मौजूद थे।

श्रीनगर में कैंप करेंगी एसएसपी
श्रीनगर शहर में यातायात व्यवस्था के साथ ही नशे का कारोबार भी पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। साथ ही शहर में केंद्रीय विवि, एनआइटी व मेडिकल कॉलेज से बड़े शैक्षणिक संस्थान हैं। यहां छात्रों के आंदोलन भी अक्सर होते रहते हैं। डीजीपी (लॉ एंड आर्डर) ने बताया कि श्रीनगर शहर के बढ़ते स्वरूप को देखते हुए एसएसपी सप्ताह में एक दिन यहां कैंप करेंगी। पत्रकारों की ओर से नई रेंज की स्थापना के संबंध में पूछने पर कहा कि इस पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नई रेंज की स्थापना के संबंध में पूर्व में शासन को प्रस्ताव भेजा गया था। उन्होंने कहा कि पुलिस को आधुनिक हथियारों से लैस करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!