सेवा पखवाड़े के तहत जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में वृहद स्वास्थ्य शिविर का शुभारम्भ

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
चमोली : ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जनपद चमोली में शनिवार से विशेष ‘सेवा पखवाड़ा’ का शुभारम्भ किया गया। इसके तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में वृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें नागरिकों को एक ही स्थान पर विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर नि:शुल्क चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। साथ ही आवश्यक पैथोलॉजी जांच, रक्तचाप, मधुमेह सहित अन्य स्वास्थ्य जांचें की गईं तथा जरूरतमंद मरीजों को नि:शुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। शिविर में आयुष्मान भारत योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं सहित विभिन्न जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी भी दी गई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सेवा पखवाड़े के दौरान जनपद के विभिन्न विकासखंडों में भी विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को उनके निकट ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में इन शिविरों का लाभ उठाने की अपील की। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराते हुए विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया तथा विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं और योजनाओं का लाभ उठाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *