नईदिल्ली, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आयरलैंड, इंग्लैंड दौरे के साथ-साथ एशियन खेलों के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का ऐलान कर दिया है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी के साथ-साथ टीम में जगह भी चली गई है। नए कप्तान श्रेयस अय्यर होंगे। वहीं, 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को पहली बार भारतीय टीम में जगह दी गई है। वैभव भारतीय टीम में चुने गए सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। प्रिसं यादव को भी पहली बार चुना गया है।
श्रेयस ने 3 अलग-अलग टीमों को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) फाइनल तक पहुंचाया है। उन्होंने पिछले 2 संस्करणों में पंजाब किंग्स के कप्तान के रूप में शानदार प्रदर्शन किया है। इस साल शानदार शुरुआत के बावजूद पंजाब किंग्स को प्लेऑफ तक न पहुंचा पाने के बावजूद वह शीर्ष प्रदर्शन करने वालों में से एक रहे, जिन्होंने 14 मैचों में 168.81 के प्रभावशाली स्ट्राइक रेट से 498 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने एक शतक और 5 अर्धशतक भी लगाए।
सूर्यकुमार की बल्लेबाजी फॉर्म पिछले 2 साल से चिंता का विषय रही है। भारत को टी-20 विश्व कप 2026 का खिताब दिलाने के बावजूद बल्ले से उनका प्रदर्शन संघर्षपूर्ण रहा। भारत के पहले मैच में लगाए गए एक अर्धशतक को छोड़कर वह कोई बड़ी पारी नहीं खेल पाए। आईपीएल 2026 में भी उन्होंने 13 पारियों में केवल 270 रन बनाए, जिसमें उनका औसत 20.76 का रहा। आईपीएल 2025 में उन्होंने 717 रन बनाए थे।क्रिकइंफो के मुताबिक, सूर्यकुमार ने 52 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों (2023-2026) में भारत की कप्तानी की, जिसमें से 40 में टीम को जीत मिली और 8 में हार का सामना किया। इस बीच 2 मैच टाई और 2 मुकाबले बेनतीजा रहे हैं। सूर्यकुमार से ज्यादा मैचों में कप्तानी महेंद्र सिंह धोनी (72) और रोहित शर्मा (62) ने की है। बता दें कि रोहित की कप्तानी को छोड़ने के बाद सूर्यकुमार को नियमित कप्तान नियुक्त किया गया था।