आमजन को दी सरकारी योजनाओं की जानकारी
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी: आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तत्वावधान में पैन इंडिया विधिक जागरूकता एवं आउटरीच अभियान 31 अक्टूबर से 13 नवंबर तक चलाया गया। इस अभियान के तहत जिले में 25 से अधिक विधिक जागरूकता टीमों ने ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में घर घर तक पहुंचकर विधिक जागरूकता कार्यक्रम चलाया। इस अभियान के तहत डोर टू डोर कैंपेन चलाते हुए हर व्यक्ति को विधिक सेवा संस्थानों द्वारा प्रदान की जाने वाली सेवाओं के साथ अन्य कानूनी जानकारी भी दी गई।
रविवार को इस अभियान के समापन के अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रवि प्रकाश, सीनियर सिविल जज एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अकरम अली द्वारा न्यायालय परिसर पौड़ी में कार्यक्रम आयोजित कराया गया। इस दौरान अभियान के तहत जो कार्य किए गए थे उनकी प्रदर्शनी भी लगवाई गई। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा निर्देश पर पूरे जिले में अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सुलभ सरल एवं प्रभावी विधिक सहायता पहुंचाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। इस विशेष अभियान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पीएलवी, जिला प्रशासन, आंगनवाड़ी, आशा कार्यकत्री के सहयोग से सभी लोगो को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई। बताया कि अभियान के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा शिविर, बहुउद्देशीय शिविर आदि लगवा कर लोगो की रोजमर्रा की समस्याओं का समाधान भी करवाया गया