मानव तस्करी से बचने के लिए लोगों को किया गया जागरूक
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। नगर निगम के वार्ड नंबर 37 पश्चिमी झंडीचौड़ में मानव तस्करी यूनिट कोटद्वार के तत्वावधान में गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें लोगों को मानव तस्करी से बचाव के बारे में विस्तार से बताया गया। जागरूक व्यक्ति ही मानव तस्करी को लेकर लोगों को जागरूक कर बेहतर समाज का निर्माण करने में भागीदारी निभा सकते हें।
पार्षद सुखपाल शाह की अध्यक्षता में आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए मानव तस्करी यूनिट कोटद्वार प्रभारी रणवीर सिंह लिंगवाल ने कहा कि वर्तमान परिवेश में जिस तरह से क्राइम बढ़ रहा है उससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक होना बहुत जरूरी है। अपने बच्चों का विशेषकर ध्यान रखें, यदि बच्चे कहीं जाते हैं तो उसकी जानकारी माता-पिता को होनी जरूरी है। साइबर क्राइम के जिस तरह से मामले बढ़ रहे हैं, वह चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि साइबर क्राइम से बचने के लिए अपने आधार कार्ड, बैंक से संबंधित जानकारी किसी को भी न दें। उन्होंने महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि फेरी वालों सहित अन्य बाहरी व्यक्ति को घर में आने से पहले उसका सत्यापन अवश्यक देख लें। कोतवाली और चौकियों में बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन कराया जा रहा है। अपराधों पर रोक लगाने के लिए बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन बहुत जरूरी है। इस अवसर पर पार्षद सुखपाल शाह ने कहा किसी भी बाहरी व्यक्ति के दिखाई देने पर तुरन्त पुलिस से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि मानव तस्करी समाज के लिए हमेशा से एक गंभीर मुद्दा रहा है, इसके लिए समस्त समाज को जागरूक होना पड़ेगा। यह किसी एक संस्था या व्यक्ति के बूते इस सामाजिक बुराई को दूर करना संभव नहीं है। इस मौके पर कांस्टेबल मुकेश कुमार, दिनेश आदित्य, अरविंद कुमार, विद्या मेहता सहित नामित पार्षद परशुराम, महिला मंगल दल की अध्यक्षा रामेश्वरी देवी, पूर्व प्रधान पुष्पा देवी शाह, हरि सिंह रावत, राजेंद्र सिंह चौहान, सरला रावत, विमला देवी, अशोक कुमार, पिंकी देवी, सुनीता देवी, देवेश्वरी देवी, सुनीता देवी, वीरेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।