हरिद्वार आरटीओ कार्यालय में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण, बिना लाइसेंस वाले वाहन डीलरों पर कार्रवाई

Spread the love

हरिद्वार(। एआरटीओ निखिल शर्मा के नेतृत्व में टीटीओ वरुणा सैनी, भारत भूषण एवं मुकेश भारती की उपस्थिति में आरटीओ कार्यालय परिसर की प्रवेश व्यवस्था एवं सुरक्षा का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि परिसर में किसी भी प्रकार का अनधिकृत व्यक्ति प्रवेश न करे। निरीक्षण के दौरान प्रवेश रजिस्टर का परीक्षण किया गया और प्रवेश द्वार पर तैनात कर्मियों को निर्देश दिए गए कि किसी भी आगंतुक को तब तक परिसर में प्रवेश न दिया जाए, जब तक वह आगंतुक रजिस्टर में अपना नाम, मोबाइल नंबर और आने का उद्देश्य दर्ज न कर दे। इसके साथ ही निरीक्षण दल ने सेकंड हैंड वाहन विक्रेताओं का भी औचक निरीक्षण किया। नियमों के अनुसार, सेकंड हैंड वाहन का व्यापार करने के लिए परिवहन विभाग से डीलर लाइसेंस लेना अनिवार्य है। जाँच के दौरान कुल 5 सेकंड हैंड कार डीलरों की जाँच की गई, जिनमें से केवल एक—मारुति ट्रू वैल्यू—के पास वैध डीलर लाइसेंस पाया गया।
बाकी डीलर बिना लाइसेंस के ही वाहन खरीद–फरोख्त करते पाए गए। इन डीलरों के परिसरों में 100 से अधिक वाहन खड़े मिले, जिन्हें नियमानुसार ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है। इससे इन वाहनों की स्वामित्व का हस्तांतरण प्रक्रिया रोक दी गई है। साथ ही संबंधित डीलरों को नोटिस जारी कर निर्देश दिए गए हैं कि वे विभाग से वैध लाइसेंस प्राप्त करने के बाद ही वाहन बिक्री–खरीद कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *