काशीरामपुर तल्ला में एसटीपी व सीवरेज परियोजना का निरीक्षण, कार्य गुणवत्ता व समयबद्धता पर जोर

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने गुरुवार को काशीरामपुर तल्ला क्षेत्र में निर्माणाधीन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) एवं सीवरेज नेटवर्क परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता सुनिश्चित करने और परियोजना को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बताया जा रहा है कि कोटद्वार में लगभग 135 करोड़ रुपये की लागत से सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और विस्तृत सीवरेज नेटवर्क का निर्माण कार्य किया जा रहा है। यह परियोजना केंद्र सरकार के नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित है। इसके पूर्ण होने पर नगर क्षेत्र में सीवेज प्रबंधन व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होगी तथा सीवर का गंदा पानी बिजनौर वन प्रभाग के जंगलों में जाने से रोका जा सकेगा। निरीक्षण के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नमामि गंगे अभियान ने देश में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि कोटद्वार में यह परियोजना न केवल वर्तमान जरूरतों को पूरा करेगी, बल्कि आने वाले वर्षों के लिए भी एक मजबूत आधार तैयार करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश एवं केंद्र सरकार के सहयोग से कोटद्वार में आधारभूत ढांचे के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं। एसटीपी एवं सीवरेज नेटवर्क के पूर्ण होने पर नागरिकों को बेहतर स्वच्छता सुविधाएं मिलेंगी और पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता एस.के. वर्मा, सहायक अभियंता दीपक वत्स, अवर अभियंता आशीष चमोली, विधायक प्रतिनिधि महेश नेगी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *