जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : विकासखंड जयहरीखाल के ग्राम भरत गांव में आयोजित कुलदेवी अनुष्ठान पूर्णाहुति के साथ विधिवत संपन्न हो गया। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में प्रवासी एवं स्थानीय ग्रामीणों ने प्रतिभाग कर माता से अपने परिवार और गांव की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।
अनुष्ठान में शामिल होने के लिए दिल्ली गुरुग्राम, देहरादून, कोटद्वार सहित विभिन्न मैदानी क्षेत्रों से प्रवासी बड़ी संख्या में गांव पहुंचे। मुख्य मार्ग से लगभग तीन किलोमीटर पैदल चलकर श्रद्धालुओं ने कुलदेवी मंदिर पहुंचकर दर्शन किए और विशेष पूजन-अर्चना में भाग लिया। ग्रामीण दिवाकर जदली ने बताया कि भले ही लोग आज विभिन्न शहरों में निवास कर रहे हों, लेकिन कुलदेवी के प्रति उनकी आस्था आज भी अटूट है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन प्रवासियों और गांव के बीच भावनात्मक जुड़ाव को और मजबूत करते हैं। गांव पहुंचे प्रवासियों ने पुरानी यादों को ताजा करते हुए अपने पैतृक घरों का अवलोकन किया, जिससे कई लोग भावुक भी नजर आए। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में प्रतिवर्ष इस प्रकार का अनुष्ठान आयोजित किया जाता है, जिससे नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपरा और सभ्यता से जुड़ने का अवसर मिलता है। इस अवसर पर सुमन जदली, भूपेंद्र जदली, शकुंतला जदली, गणेश जदली, भास्कर जदली सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।