जन कल्याण शिविर में ग्रामीणों को मिली योजनाओं की जानकारी, 80 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : विकासखंड दुगड्डा में आयोजित जन कल्याण शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उनकी समस्याओं का समाधान किया गया। शिविर में पहुंचे लोगों को सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी एवं स्वरोजगार योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
शिविर का शुभारंभ विधायक रेनू बिष्ट, ब्लॉक प्रमुख सूरज नेगी एवं ज्येष्ठ उप प्रमुख सुनील नेगी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर विधायक रेनू बिष्ट ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपने आर्थिक और सामाजिक विकास में भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने स्वरोजगार को बढ़ावा देने वाली विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। शिविर में स्वास्थ्य, कृषि, बाल विकास, समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर लोगों को योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी प्रदान की गई। शिविर के दौरान 12 लोगों के जन्म प्रमाण-पत्र बनाए गए, 36 परिवार रजिस्टर संबंधी मामलों का निस्तारण किया गया तथा छह पात्र लाभार्थियों को समाज कल्याण विभाग की पेंशन स्वीकृत की गई। इस दौरान ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। शिविर में कुल 85 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 80 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया गया। कार्यक्रम का संचालन खंड विकास अधिकारी बी.डी. रतूड़ी ने किया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *