कौशल विकास से आत्मनिर्भर बन रहे युवा, प्रशिक्षणार्थियों को मिले प्रमाण-पत्र और प्लेसमेंट

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत देवी रोड स्थित डॉ. लाल पैथोलॉजी लैब फ्लेबोटोमिस्ट ट्रेनिंग सेंटर में शुक्रवार को प्रशिक्षण पूर्ण कर चुके विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान कई प्रशिक्षणार्थियों को प्लेसमेंट के अवसर भी प्रदान किए गए। वक्ताओं ने युवाओं को अपने कौशल का बेहतर उपयोग कर जीवन में आगे बढ़ने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कौशल विकास युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला बन चुका है। रोजगारपरक प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में कौशल विकास को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में प्रशिक्षित मानव संसाधन की बढ़ती आवश्यकता का उल्लेख करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोल रहे हैं। विधानसभा अध्यक्ष ने प्रशिक्षणार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनसे अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज एवं मानवता की सेवा में करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और व्यावसायिक दक्षता ही युवाओं को प्रतिस्पर्धा के इस दौर में सफलता दिला सकती है। कार्यक्रम में डॉ. लाल पैथ फाउंडेशन के सीएसआर प्रमुख राजेश सिंह, बी-एबल फाउंडेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी वेद प्रकाश शर्मा, डॉ. लाल पैथलैब्स फाउंडेशन के आशीष डांगर, पंकज इस्सर, अनीस कुरैशी, हरि सिंह पुंडीर, महेश सिंह, राजेंद्र जजेड़ी, मुकुल नेगी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *