योग दिवस को लेकर उत्साह, 20 जून को होगी सामान्य ज्ञान एवं योग प्रतियोगिता

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में 20 जून को बच्चों के लिए जूनियर एवं सीनियर वर्ग की सामान्य ज्ञान एवं योग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रतिभागी योग विषय से संबंधित लिखित परीक्षा के साथ-साथ विभिन्न योग आसनों का प्रदर्शन भी करेंगे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को 21 जून को मालवीय उद्यान में आयोजित मुख्य समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
भारत स्वाभिमान न्यास के जिला प्रभारी दिनेश जुयाल ने बताया कि योग दिवस को सफल एवं भव्य बनाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में योग के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ उनके ज्ञान और प्रतिभा को मंच प्रदान करना है। प्रतियोगिता के आयोजन की जिम्मेदारी महेश आनंद कंडवाल, सुनील रावत, गोपाल जसोला एवं रूप सिंह को सौंपी गई है, जबकि प्रतियोगिता का निरीक्षण राकेश कंडवाल एवं ममता भंडारी द्वारा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 21 जून को आयोजित होने वाले मुख्य योग दिवस समारोह में पतंजलि योगपीठ से आई दो कन्या शिक्षार्थी भी विशेष योग प्रदर्शन प्रस्तुत करेंगी। इन दिनों वे अंतर्राष्ट्रीय योग प्रोटोकॉल के अनुरूप नियमित अभ्यास कर रही हैं। योग दिवस समारोह में उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। वहीं, कोटद्वार महापौर शैलेंद्र रावत, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र अण्थ्वाल, राज्य सिंचाई सलाहकार समिति के अध्यक्ष ऋषि कंडवाल तथा वन विभाग के पौड़ी प्रतिनिधि सुमन कोटनाला विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल होंगे। आयोजकों के अनुसार योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *