नशे के खिलाफ युवाओं को किया जागरूक, साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नशामुक्त भारत पखवाड़ा के तहत आयोजित जागरूकता कार्यशाला में पुलिस ने युवाओं और कर्मचारियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए इससे दूर रहने का आह्वान किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने तथा स्वयं भी नशे से दूर रहने का संकल्प लिया।
पुलिस द्वारा इन दिनों विभिन्न विद्यालयों और भाबर क्षेत्र स्थित औद्योगिक इकाइयों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आयोजित कार्यशाला को संबोधित करते हुए कलालघाटी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राजा राम डोभाल ने कहा कि नशा एक गंभीर सामाजिक बुराई है, जो व्यक्ति के साथ-साथ पूरे परिवार को प्रभावित करती है। उन्होंने कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बेहतर और स्वस्थ जीवन के लिए नशे से दूरी बनाना जरूरी है। पुलिस टीम ने उपस्थित युवाओं एवं कर्मचारियों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों की विस्तृत जानकारी दी तथा इस संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यशाला में साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी से बचाव के संबंध में भी जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति को फोन पर बैंक खाते, एटीएम, ओटीपी या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करें। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को नशे के खिलाफ एकजुट होकर समाज में जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर रविंद्र भट्ट, रेखा, मोनिका सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *