अभियान चलाकर शीघ्र अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश

Spread the love

गोपेश्वर। चमोली जिले के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्गों पर किए गए अतिक्रमण को डीएम ने अभियान चलाकर शीघ्र हटाने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में डीएम ने कहा कि एनएच पर अवैध पार्किंग पर भी प्रभावी रोक लगाई जाए। बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति व हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स समिति की बैठक हुई। इसमें सर्वोच्च न्यायालय की ओर से सुओ मोटो याचिका के तहत एनएच से अतिक्रमण हटाने संबंधी निर्देशों के अनुपालन को लेकर समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि चमोली जिले में छह राष्ट्रीय राजमार्ग हैं। इनमें अब तक 359 अतिक्रमण चिह्नित किए गए हैं। इनमें से 92 को हटा दिया गया है और शेष 267 अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई चल रही है। डीएम ने सड़क निर्माण एवं अनुरक्षण एजेंसियों को एनएच पर चिह्नित सभी अतिक्रमणों को शीघ्र हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। डीएम ने हाईवे टास्क फोर्स को नियमित फील्ड निरीक्षण बढ़ाने, अतिक्रमण पर निगरानी रखने के साथ अवैध पार्किंग पर रोक लगाने, विभागों को अपनी परिसंपत्तियों से अतिक्रमण हटाने के भी निर्देश दिए। बैठक में एडीएम विवेक प्रकाश, एसडीएम आरके पांडे, सीएमओ डॉ. राजीव सिंह पाल, पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट सहित परिवहन विभाग, एनएचआईडीसीएल व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *