जनसमस्याओं के समाधान और विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

Spread the love

– जिला पंचायत बोर्ड बैठक में सड़क, पेयजल, विद्युत और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर गंभीर मंथन
बागेश्वर। जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जिला पंचायत की प्रथम बोर्ड बैठक आयोजित की गई, जिसमें वर्ष 2025-26 में स्वीकृत जिला पंचायत योजनाओं की प्रगति की व्यापक समीक्षा की गई। बैठक के दौरान जिला पंचायत सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी जनसमस्याओं, आधारभूत सुविधाओं की कमी तथा लंबित विकास कार्यों को प्रमुखता से उठाते हुए समाधान की मांग की। बैठक को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि बोर्ड बैठक में उठाए गए जनहित के मुद्दों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा विकास कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।बैठक में विशेष रूप से आपदा प्रभावित ग्रामीण सड़कों की मरम्मत, नाली निर्माण, डामरीकरण, कल्वर्ट एवं सुरक्षा दीवारों के निर्माण से जुड़े प्रस्तावों पर गंभीर चर्चा हुई। सदस्यों ने कई क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त संपर्क मार्गों और जल निकासी की समस्याओं का मुद्दा उठाया, जिस पर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
पेयजल व्यवस्था की समीक्षा के दौरान हर घर जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रहे कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई। सदस्यों ने क्षतिग्रस्त पाइप लाइनों के शीघ्र सुधार तथा नई पेयजल योजनाओं को प्राथमिकता दिए जाने की मांग रखी। वहीं विद्युत व्यवस्था को लेकर जर्जर विद्युत पोलों के प्रतिस्थापन, क्षतिग्रस्त लाइनों की मरम्मत और ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में निजी विद्यालयों द्वारा छात्रों पर कॉपी एवं पुस्तकों की अनावश्यक खरीद का दबाव बनाए जाने का विषय भी प्रमुखता से उठा। इस पर विभागीय अधिकारियों ने जानकारी दी कि शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप विद्यालयों का निरीक्षण किया जा रहा है तथा अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इसके अतिरिक्त वर्ष 2026-27 के अंतर्गत सभी पंचायत क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुरूप स्ट्रीट लाइट लगाए जाने का प्रस्ताव भी रखा गया, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा एवं सुविधाओं को बेहतर बनाया जा सके।
बैठक में पार्वती दास, शिव सिंह बिष्ट, आकांक्षा कोंडे, आर.सी. तिवारी, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *