गढ़वाल विवि में पीएचडी में प्रवेश के लिए साक्षात्कार की तिथियां घोषित

Spread the love

श्रीनगर गढ़वाल : हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए 12 जुलाई 2026 को आयोजित पीएचडी में प्रवेश के लिए साक्षात्कार की प्रक्रिया शुरू हो गई है। विवि की ओर से 24 जुलाई को प्रवेश परीक्षा परिणाम घोषित किया गया था। परीक्षा में सफल रहे अभ्यर्थियों के साक्षात्कार विभागवार आयोजित होंगे।
गढ़वाल केंद्रीय विवि के परिसरों सहित संबद्ध कॉलेजों में करीब 50 से अधिक विभागों में साढ़े चार सौ से अधिक पीएचडी सीटों पर प्रवेश होंगे। संबंधित विभागों की ओर से ही इसके लिए साक्षात्कार व प्रवेश की प्रक्रिया संपन्न की जानी हैं। कुछ विभागों की ओर से साक्षात्कार की तिथियां भी घोषित कर दी गई हैं। विवि के प्रवेश परीक्षा समन्वयक डॉ. प्रीतम सिंह नेगी का कहना है कि पीएचडी प्रवेश अधिसूचनाओं के अनुसार राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (नेट), ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग (गेट), ग्रेजुएट फार्मेसी एप्टीट्यूड टेस्ट (जीपैट), कॉमन एंट्रेंस एग्जामिनेशन फॉर डिजाइन (सीड), भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर नेट), डीएसटी इंस्पायर फेलोशिप के वैध प्रमाणपत्र के आधार पर प्रवेश परीक्षा से छूट है। ऐसे अभ्यर्थी भी साक्षात्कार में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि विवि की ओर से 24 जुलाई को प्रवेश परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया गया था, अब संबंधित विभाग सफल अभ्यर्थियों का अपने स्तर से साक्षात्कार कर प्रवेश की प्रक्रिया संपन्न कराएंगे। कहा कुछ विभागों की ओर से साक्षात्कार की तिथियां घोषित कर दी गई हैं, जिनमें से साइकोलॉजी विभाग की ओर से सात अगस्त व भूगोल विभाग की ओर से 10 अगस्त को साक्षात्कार रखे गए हैं, जबकि अन्य विभागों की ओर से भी साक्षात्कार की तैयारी जारी है। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *