जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : सोमवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में आयोजित पीएलवी/अधिकार मित्रों की मासिक समीक्षा बैठक हुई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) नाजिश कलीम ने पैरालीगल वालंटियर्स (पीएलवी) और अधिकार मित्रों से गांव-गांव में विधिक जागरूकता अभियान चलाकर आमजन को नि:शुल्क कानूनी सहायता और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने को कहा।
सचिव ने कहा कि प्रत्येक पीएलवी अपने कार्यक्षेत्र में अधिक से अधिक विधिक साक्षरता शिविर आयोजित करें। शिविरों में नि:शुल्क विधिक सहायता, राष्ट्रीय एवं विशेष लोक अदालत, मध्यस्थता, स्थायी लोक अदालत, महिला एवं बाल अधिकार, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, नशा मुक्ति, साइबर अपराध से बचाव व विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि स्थायी लोक अदालतें जनोपयोगी सेवाओं से जुड़े विवादों के त्वरित, सरल, कम खर्चीले और सौहार्दपूर्ण निस्तारण का प्रभावी मंच हैं। इनका उद्देश्य न्यायालय में वाद दायर होने से पहले ही पक्षकारों के बीच आपसी सहमति से विवादों का समाधान कर न्याय तक आमजन की आसान पहुंच करना है। इस मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के रिटेनर अधिवक्ता गजेंद्र सिंह रावत, स्थायी लोक अदालत के सदस्य मयंक शर्मा, वन स्टॉप सेंटर की अमृता रावत आदि मौजूद रहे।