आईपीएल 2026 : सिर्फ 4 विकेट, 102 का गेंदबाजी औसत, बुमराह के लिए किसी बुरे सपने की तरह रहा ये सीजन

Spread the love

नई दिल्ली , 13 मुकाबलों में सिर्फ 4 विकेट। 102.50 का गेंदबाजी औसत। यह टीम इंडिया के दिग्गज तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के आईपीएल 2026 के आंकड़े हैं। टी20 विश्व कप में जबरदस्त प्रदर्शन के बाद इस सीजन में बुमराह से हर किसी को शानदार प्रदर्शन की उम्मीद थी। हालांकि, बुमराह के लिए यह सीजन किसी बुरे सपने की तरह रहा। जसप्रीत बुमराह पूरे सीजन विकेट लेने के लिए तरसते हुए नजर आए। हर मैच और हर परिस्थिति में विकेट लेने में माहिर बुमराह आईपीएल 2026 में सिर्फ 4 विकेट ही निकाल सके। उनका गेंदबाजी औसत 102.50 का रहा, जो आईपीएल के एक सीजन में 30 से ज्यादा ओवर फेंकने वाले गेंदबाजों में सबसे ज्यादा है। बुमराह की खराब फॉर्म को अंदाजा इस बात से ही लगाया जा सकता है कि वह 9 मुकाबलों में तो एक विकेट तक नहीं निकाल सके। आलम यह रहा कि पूरे सीजन में कोई भी मैच ऐसा नहीं रहा, जिसमें बुमराह ने एक से ज्यादा विकेट लिया हो। बुमराह के कद को देखते हुए यह उनके आईपीएल करियर का सबसे खराब सीजन माना गया। हालांकि, साल 2013 और 2015 में बुमराह ने 3-3 विकेट ही चटकाए थे, लेकिन 2013 में स्टार तेज गेंदबाज ने सिर्फ 2 और 2015 में 4 मैच ही खेले थे। बुमराह की नाकामी का असर मुंबई इंडियंस टीम के प्रदर्शन पर साफतौर पर पड़ा। बुमराह के संघर्ष करने के कारण टीम के बाकी गेंदबाज दबाव में दिखाई दिए, जिसका पूरा फायदा विपक्षी टीम के बल्लेबाजों ने उठाया।
आईपीएल 2026 में खेले 14 मुकाबलों में से मुंबई इंडियंस सिर्फ 4 में ही जीत दर्ज कर सकी, जबकि 10 मुकाबलों में टीम को हार का सामना करना पड़ा। मुंबई इंडियंस ने अंक तालिका में 9वें स्थान पर रहते हुए टूर्नामेंट का अंत किया। भारतीय क्रिकेट फैंस अब यही उम्मीद करेंगे कि जसप्रीत बुमराह की यह खराब फॉर्म आईपीएल तक ही सीमित रहे और वह टीम इंडिया की जर्सी में लौटने पर दमदार प्रदर्शन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *