बिग ब्रेकिंग

पंजाब में बोले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह- करतारपुर व ननकाना साहिब भारत का हिस्सा होते तो अच्छा लगता

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

फरीदकोट/चंडीगढ़। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पंजाब के फरीदकोट व डेराबस्सी में चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि करतारपुर और ननकाना साहिब भारत का हिस्सा होते तो बहुत अच्छा लगता। उन्होंने कहा कि पंजाब भारत की अंतरात्मा है। सिख भाइयों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। पंजाब एक सीमावर्ती राज्य है। सीमावर्ती राज्य में सुरक्षा व शांति जरूरी है, तभी विकास होगा।
उन्होंने कहा कि उड़ी और गलवन में घटित घटना पर कांग्रेस व दूसरी पार्टियों के नेता सवाल उठाते हुए अपने ही सैनिकों को घेरते हैं, यह अच्छी बात नहीं है। भारत आज एक मजबूत देश है और दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब दे रहा है। इसलिए देश की अखंडता, संप्रभुता व एकता पर राजनीति नहीं होनी चाहिए, जो ऐसा करता है, उसे माफ नहीं किया जाना चाहिए। राजनाथ सिंह ने कहा कि फरीदकोट में पहली बार किसी सभा को संबोधित करने के लिए आया हूं। पंजाब में पहले भी मैंने कई सभाओं को संबोधित किया, लेकिन इस बार जो लोगों का समर्थन मिल रहा है, उससे लग रहा है कि भाजपा गठबंधन की सरकार बनेगी।
राजनाथ सिंह ने कहा कि श्री गुरुनानक देव जी ने सबकी भलाई का संदेश दिया था। इसी से प्रेरित होकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सबका साथ, सबका विकास व सबका विश्वास का नारा दिया है। पंजाब भारत की अंतरात्मा है। सिख भाइयों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। रक्षा मंत्री ने कहा कि जब भी वह पंजाब आते हैं तो हमेशा याद आता है कि करतारपुर व ननकाना साहिब भारत का हिस्सा होता तो देश को बहुत अच्छा लगता। कुछ सियासतदान मजहब की राजनीति करते हैं। भाजपा इंसानियत की राजनीति करती है। बहुत-सी ताकतें हमारे बीच फूट डालने का काम करेंगी, उनसे हमें सावधान रहने की जरूरत है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा पूरे देश में प्रदेशों में सबसे अच्छी सरकार चलाने वाली पार्टी है। भारत की बात अब पूरी दुनिया कान खोलकर सुनती है, यह भाजपा की ताकत से हुआ। 174 देश आज योग कर रहे हैं, यह 2014 के बाद संभव हुआ। 2017 में उरी में पाक ने जो कायरना त्य किया, उस घटना के दस मिनट बाद ही हमारी सरकार ने पाकिस्तान को सबक सिखाने का फैसला किया। पाकिस्तान मेंं जाकर एयर स्ट्राइक व जमीन पर सर्जिकल स्टाइक की। भारत अब देश के अंदर व देश के बाहर दुश्मनों को मारने वाला देश है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!