देहरादून, कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऋषिपर्णा सभागार में सोमवार को आम जनता की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से समाधान दिवस आयोजित किया गया। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के दिशा-निर्देशों पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 126 शिकायतें दर्ज की गईं।
एडीएम के.के. मिश्रा ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों की भी समीक्षा करते हुए प्राथमिकता के आधार पर उनका शीघ्र निस्तारण करने को कहा।
बुजुर्गों की शिकायतों पर तत्काल एक्शन
समाधान दिवस में बुजुर्गों से जुड़ी शिकायतों पर प्रशासन ने विशेष गंभीरता दिखाई। 73 वर्षीय बुजुर्ग मदनलाल भल्ला ने आरोप लगाया कि उन्होंने अपने पुत्र को कारोबार स्थापित करने में मदद की, लेकिन कारोबार सफल होने के बाद पुत्र ने वृद्धावस्था में उन्हें बेसहारा छोड़ दिया। शिकायत पर प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए भरण-पोषण अधिनियम के तहत वाद दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
इसी प्रकार 74 वर्षीय विधवा रेणुका खनका ने अपनी बहू पर पैतृक संपत्ति हड़पने, मारपीट करने तथा देखभाल नहीं करने के आरोप लगाए। मामले में सीओ रायपुर और महिला सेल को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
अवैध कब्जे और निर्माण पर सख्ती
गायत्री विहार निवासी बुजुर्ग दंपती ने अपनी वैध संपत्ति पर पड़ोसी द्वारा अवैध कब्जा किए जाने तथा एमडीडीए के सीलिंग आदेशों का पालन नहीं होने की शिकायत की। मामले में एमडीडीए को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सेवाकलां निवासी संजय कुमार ने पुश्तैनी भूमि पर पड़ोसी द्वारा कब्जा करने और धमकी देने की शिकायत की। इस पर एसडीएम सदर को मामले में सख्त कदम उठाने को कहा गया। रेसकोर्स निवासी आशीष बड़थ्वाल ने पूर्व पार्षद पर नियम विरुद्ध तीन मंजिला व्यावसायिक भवन निर्माण और अवैध गतिविधियों के आरोप लगाए।
शिकायत पर एसडीएम सदर और पुलिस क्षेत्राधिकारी को मौके का स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश जारी किए गए।
सड़क, पेयजल और जनसुविधाओं की समस्याओं पर निर्देश
इंद्रलोक कॉलोनी में सीवर लाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त हुए मार्गों की मरम्मत के लिए जल निगम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं खुड़बुड़ा मोहल्ले में गंदे पानी की आपूर्ति की शिकायत पर जल संस्थान को समस्या का समाधान करने को कहा गया।
रानीपोखरी क्षेत्र में वर्ष 2024 से पहले के पेयजल कनेक्शनों और शुल्क में कथित अनियमितताओं की जांच के लिए अधिशासी अभियंता जल संस्थान से रिपोर्ट मांगी गई।
आशारोड़ी-झाझरा हाईवे निर्माण में अनियमितता की शिकायत पर एनएचएआई को जांच के निर्देश दिए गए। वहीं चकराता ब्लॉक के खारसी मोटर मार्ग और कोल्डपानी-सत्तौर क्षेत्र में भू-कटाव की समस्या पर पीडब्ल्यूडी और एसडीएम को जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।
विकासखंड कालसी के कामला स्थित हड्डियागाड़ में भारी बारिश से पुलिया क्षतिग्रस्त होने के कारण स्कूली बच्चों को हो रही परेशानी की शिकायत पर एसडीएम कालसी को स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
आपदा राहत और जनहित की मांगों पर भी कार्रवाई
कुडियाल ग्राम पंचायत में दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त हाथी सुरक्षा दीवार के पुनर्निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। वहीं प्रकाश पंत मार्ग से एयरपोर्ट तक जंगली हाथियों से बचाव के लिए स्ट्रीट लाइट लगाने की जिम्मेदारी बीडीओ को सौंपी गई।
गांधी रोड निवासी इल्मा, प्रेम बहादुर, सरस्वती और रणवीर सिंह ने आर्थिक तंगी, बच्चों की शिक्षा तथा बीमारी के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग रखी। प्रशासन ने संबंधित एसडीएम को मामलों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट हर्षिता सिंह, उप जिलाधिकारी अपर्णा ढौंडियाल, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम लाल भारती, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी शशिकांत गिरी, मुख्य कृषि अधिकारी देवेंद्र राणा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।