नईदिल्ली,। दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। विश्वविद्यालय के ही एक प्रोफेसर पर कम से कम 10 छात्राओं ने यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। मामले से परिचित अधिकारियों ने बताया कि ये शिकायतें करीब एक महीने पहले की गई थीं और कथित घटनाएं भी उसी दौरान की हैं। मामला सामने आने के बाद विश्वविद्यालय की आंतरिक जांच समिति ने जांच शुरू की है।
शिकायतों में आरोप लगाया गया है कि प्रोफेसर ने छात्राओं को परिसर में ही स्थित अपने आवास पर आयोजित समारोहों में बुलाया, जहां उन्होंने कथित तौर पर अनुचित हरकतें कीं।
कुछ शिकायतों में कक्षा के दौरान भी कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों का भी जिक्र है।
ये मामला तब चर्चा में आया, जब हाल ही में कुछ वरिष्ठ छात्राओं ने भी प्रोफेसर के ऊपर इसी तरह के आरोप लगाए। फिलहाल जांच की जा रही है।
जेएनयू की आंतरिक जांच समिति फिलहाल सभी शिकायतों की जांच कर रही है। मामले को लेकर न कुलपति और न ही जेएनयू प्रशासन ने कोई आधिकारिक बयान जारी किया है।
माना जा रहा है कि जांच के दौरान कुछ और पीड़ित भी सामने आ सकते हैं।
दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने भी बताया कि घटना के संबंध में अब तक कोई पुलिस शिकायत नहीं मिली है।