जयन्त प्रतिनिधि।
सतपुली : कांग्रेस के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर बीरोंखाल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया और उनका पुतला दहन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की।

गुरूवार को प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने केंद्र सरकार पर संवैधानिक संस्थाओं और जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता बनाए रखना जरूरी है और कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर लगातार संघर्ष करती रहेगी। इस मौके पर कांग्रेस नेता कवींद्र इष्टवाल ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त भाजपा के पक्ष में काम कर रहे हैं और देश में मतदाताओं के अधिकारों के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस देशभर में लोकतांत्रिक और संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता को लेकर आवाज उठा रही है। कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता कथित वोट चोरी के मुद्दे पर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शन का नेतृत्व ब्लॉक अध्यक्ष ने किया। इस दौरान जगदीश बिष्ट, पूर्व प्रमुख राजेश कंडारी, विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष विमल कोली, प्रेम बहुखंडी, बच्चन सिंह, बलवंत सिंह, विष्णु रावत, बलवीर रावत, अमन, महिपाल शाह, राजी राम, देशबंधु बिष्ट, विजयपाल सिंह नेगी, रोहित रमोला, विमल रावत समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मुख्य चुनाव आयुक्त का किया पुतला दहन
श्रीनगर गढ़वाल : महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने गुरूवार को गोला पार्क में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता गोला पार्क में एकत्र हुए और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाते हुए भाजपा पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव व्यवस्था को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना जरूरी है। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंककर अपना विरोध दर्ज कराया। (एजेंसी)