जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : श्रीनगर-पौड़ी-कोटद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर जिला मुख्यालय में संत निरंकारी सत्संग भवन के समीप बीते शुक्रवार शाम एक कार-बाइक की भिड़ंत हुई। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर घायल हो गया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर किया गया। देहरादून पहुंचने पर महंत इंद्रेश अस्पताल प्रशासन ने युवक को मृत घोषित कर दिया।

जिला मुख्यालय के ग्राम पंचायत बैंग्वाड़ी निवासी 22 वर्षीय नारायण सिंह (ऋषभ) बीते शुक्रवार शाम बाइक में पौड़ी से गांव जा रहा था। पौड़ी-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर संत निरंकारी सत्संग भवन के समीप में श्रीनगर से आ रही कार से टक्कर हो गई। लोगों ने घायल युवक को निजी वाहन से जिला अस्पताल में पहुंचाया जहां से उसे रेफर किया गया। परिजन उसे निजी एंबुलेंस से महंत इंद्रेश अस्पताल देहरादून ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पूर्व ग्राम प्रधान बैंग्वाड़ी मधु खुगशाल ने बताया कि नारायण सिंह परिवार का इकलौता बेटा था। उनके पिता आनंद सिंह सर्वे ऑफ इंडिया से सेवानिवृत्त हैं। बताया कि जहां हादसा हुआ, वह झाड़ियों से ब्लैक स्पॉट बन चुका है। उन्होंने जिला प्रशासन व एनएच से झाड़ी कटान व ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर सुधारीकरण की मांग की है।