जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : थलीसैंण विकासखंड के ग्राम खंड तल्ला में जिला पंचायत सदस्य डॉ. शिवचरण नौडियाल द्वारा घने वन क्षेत्र में “काफल पार्टी” एवं युवा सहभोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को प्रकृति, जलस्रोतों, जंगलों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करना रहा। इस दौरान युवाओं ने प्राकृतिक फल काफल का आनंद लिया, सामूहिक सहभोज में हिस्सा लिया और सांस्कृतिक व संगीत कार्यक्रमों के माध्यम से लोक संस्कृति को जीवित रखने का संदेश दिया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य डॉ. शिवचरण नौडियाल ने कहा कि काफल केवल एक मौसमी फल नहीं, बल्कि प्रकृति, भाईचारे और सीमित प्राकृतिक संसाधनों के महत्व का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज के समय में युवाओं को प्रकृति के साथ जुड़कर जल, जंगल और जमीन के संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए। कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं ने जल संरक्षण, नदी संरक्षण, जंगलों की सुरक्षा, स्वच्छता अभियान और पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक संकल्प लिया। साथ ही भविष्य में गांव स्तर पर नियमित रूप से स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण और सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम चलाने का निर्णय भी लिया गया। डा. नौडियाल ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी संस्कृति, प्रकृति और सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने युवाओं से नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक एकता को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में वन सरपंच ध्यान सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य राम सिंह, दलीप सिंह, साबर सिंह, जगत सिंह, भगत सिंह, कुलवीर नेगी, बलवीर नेगी, नीरज कुमार, वेणीराम नौडियाल, जीत सिंह, संतोष नेगी, महिधर सिंह, मयंक नौडियाल, सचिन नौडियाल सहित अनेक ग्रामीण एवं युवा मौजूद रहे।