जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नगर निगम की तिरंगा लाइटों की तार चोरी मामले में कोटद्वार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले का खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो किशोरों को संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई विद्युत तार और जली हुई कॉपर तार भी बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, 23 मई 2026 को नगर निगम कोटद्वार में कार्यरत विकास ने कोतवाली कोटद्वार में शिकायत दर्ज कराई थी। जिसमें उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा पुलों पर लगाई गई तिरंगा लाइटों की विद्युत तार अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गई है। मामले में कोतवाली कोटद्वार में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज ठाकुर एवं क्षेत्राधिकारी कोटद्वार अस्मिता ममगांई के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोटद्वार के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की तथा स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाने के साथ लगातार सुरागरसी-पतारसी की कार्रवाई की। तकनीकी एवं मैनुअल जांच के आधार पर पुलिस को कुछ संदिग्ध व्यक्तियों के संबंध में जानकारी मिली। इसी क्रम में 28 मई को पुलिस ने घटना में शामिल दो किशोरों को संरक्षण में लिया। पूछताछ के दौरान किशोरों ने चोरी की गई विद्युत तारों को कबाड़ियों को बेचने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो कबाड़ियों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से नगर निगम के विद्युत खंभों से चोरी की गई लगभग 40 मीटर विद्युत तार और करीब 5 किलो जली हुई कॉपर तार बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्तों में आमिर निवासी लकड़ी पड़ाव, कोटद्वार तथा ऋतुराज निवासी नजीबाबाद, जिला बिजनौर शामिल हैं। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विनोद कुमार चपराना सहित अन्य पुलिस कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।