राष्ट्रीय सेवा व समाज कल्याण के लिए समर्पित रहा खंडूडी का जीवन

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी की स्मृति में भारतीय जनता पार्टी द्वारा नगर निगम प्रेक्षागृह में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने उपस्थित होकर स्वर्गीय खंडूरी को श्रद्धासुमन अर्पित किए। वक्ताओं ने कहा कि उनका पूरा जीवन राष्ट्र सेवा और जनकल्याण के लिए समर्पित रहा।
सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि भुवन चंद्र खंडूरी के निधन से प्रदेश ने एक ईमानदार, अनुशासित और दूरदर्शी नेता को खो दिया है। उन्होंने युवावस्था में ही देश सेवा का संकल्प लिया और सेना में रहते हुए राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा निभाई। सेवानिवृत्ति के बाद भी उन्होंने राजनीति के माध्यम से जनता की सेवा जारी रखी। वक्ताओं ने उनके केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि देश भर में सड़क नेटवर्क के विस्तार में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। वहीं मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने उत्तराखंड को विकास की नई दिशा देने का प्रयास किया। उनके व्यक्तित्व में सेना का अनुशासन और राजनीति की सादगी का अनूठा मेल देखने को मिलता था। कार्यक्रम में यह भी कहा गया कि कोटद्वार से उनका रिश्ता केवल एक जनप्रतिनिधि का नहीं, बल्कि परिवार के अभिभावक जैसा था। क्षेत्र की जनता और यहां की मिट्टी से उनका विशेष लगाव हमेशा बना रहा। श्रद्धांजलि सभा में महापौर शैलेंद्र सिंह रावत, सिंचाई सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ऋषि कंडवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल सहित कई गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *