गुलदार की धमक, घरों में कैद हुए ग्रामीण

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : विकासखंड एकेश्वर के अंतर्गत भरपूर गांव में गुलदार की धमक बनी हुई है। गांव में घूम रहे गुलदार को पकड़ने के लिए कुछ दिन पूर्व वन विभाग ने पिंजरा भी लगाया था। लेकिन, अब तक गुलदार पिंजरे की कैद से दूर है। नतीजा, गुलदार की दहशत में जी रहे ग्रामीणों का घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। शाम ढलते ही पूरा गांव घरों में कैद हो रहा है।
14 मई को गांव के समीप खेतों में घास काट रही पिंकी देवी पर गुलदार ने हमला कर दिया था। हमले में घायल पिंकी देवी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। गुलदार के हमले की इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई। इसके बाद 15 मई को वन विभाग ने गांव के समीप पिंजरा लगाया, लेकिन कई दिन बीत जाने के बावजूद गुलदार अब तक पकड़ में नहीं आ पाया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गुलदार लगातार गांव के आसपास घूमता दिखाई दे रहा है। ग्रामीण खेतों व जंगल की ओर जाने से डर रहे हैं। रात के समय गुलदार की गतिविधियां बढ़ने से ग्रामीणों की चिंता और अधिक बढ़ गई है। सबसे अधिक परेशानी मवेशियों के लिए चारा-पत्ती की व्यवस्था करने में हो रही है। डर के साये में जी रहे ग्रामीणों की दिनचर्या प्रभावित हो गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और जल्द गुलदार को पकड़ने की मांग की है। कहा कि जब तक गुलदार को पकड़ा नहीं जाता, तब तक क्षेत्र में खतरा बना रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *