श्रीनगर गढ़वाल : कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने रामलीला मैदान और जीआईटीआई मैदान का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन को और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों इसके लिए रामलीला मैदान को और भव्य स्वरूप प्रदान किया जाएगा।

जीआईटीआई मैदान के निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेल निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए विभागीय अधिकारियों की बैठक ली। कहा कि जीआईटीआई मैदान को विकसित कर यहां खेल स्टेडियम बनना है। उन्होंने टनल निर्माण कार्य समाप्ति के बाद स्टेडियम का स्वरूप कैसा होगा इस संबंध में रेलवे अधिकारियों से जानकारियां लीं। पैकेज-6 के परियोजना निदेशक पीयूष पंत उन्हें जानकारियां उपलब्ध कराईं। उपजिलाधिकारी श्रीनगर नुपूर वर्मा, तहसीलदार दीपक भंडारी के साथ ही रेलवे के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। वहीं देर शाम उच्च शिक्षा व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने राजकीय महाविद्यालय खिर्सू में निर्माणाधीन कॉलेज भवन व छात्रावास का औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप व समय सीमा में पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। निरीक्षण के उपरांत कैबिनेट मंत्री ने महाविद्यालय परिसर में आयोजित ”प्रवेशोत्सव” कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने कॉलेज में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के नए सफर की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद भाजयुमो की ओर से खिर्सू में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने स्थानीय युवाओं से संवाद कर उनके सुझावों, विचारों और आकांक्षाओं को जाना। इस मौके पर संपत सिंह रावत, मीना गैरोला, अनिल भंडारी, गणेश नेगी, संदीप रावत आदि मौजूद रहे। (एजेंसी)