कौड़िया से बीईएल रोड तक लगेंगी अतिरिक्त स्ट्रीट लाइटें

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शहर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था बनाने के लिए नगर निगम ने कवायद शुरू कर दी है। इसके तहत खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत के साथ ही कौड़िया से बीईएल रोड तक अतिरिक्त स्ट्रीट लाइटें लगाने की योजना बनाई जा रही है। इससे क्षेत्र में रात के समय आवागमन करने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।


इसी क्रम में महापौर शैलेंद्र सिंह रावत ने देर रात नगर निगम की टीम के साथ कौड़िया से बीईएल रोड तक स्ट्रीट लाइटों की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि मार्गों पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने से लोगों को रात के समय आवागमन में परेशानी होती है। साथ ही दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। कौड़िया से बीईएल रोड तक पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। उन्होंने अधिकारियों को शहर के अन्य ऐसे स्थानों को भी चिह्नित करने के निर्देश दिए, जहां प्रकाश व्यवस्था की कमी है। महापौर ने कहा कि प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए स्थानीय लोगों से भी सुझाव लिए जाएं। विशेषकर जंगल से सटे मार्गों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने पर ध्यान दिया जाए। निरीक्षण के दौरान सहायक नगर आयुक्त अजय इष्टवाल, अवर अभियंता दिनेश चौहान सहित अन्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *