खेल महाकुंभ का आगाज, मैदान में दिखा खिलाड़ियों का दमखम

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : विकासखंड पौड़ी में खेल महाकुंभ-2026 का शुक्रवार को रांसी स्टेडियम में विधिवत शुभारंभ हुआ। पांच दिवसीय आयोजन में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे युवा खिलाड़ियों ने उत्साह और जोश के साथ विभिन्न खेल स्पर्धाओं में प्रतिभाग किया।


शुभारंभ अवसर पर पौड़ी विधायक प्रतिनिधि ओमप्रकाश जुगरान ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल महाकुंभ ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने और उन्हें आगे बढ़ने का बेहतर मंच उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने और लक्ष्य हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया। प्रतियोगिताओं के दौरान रांसी स्टेडियम में खिलाड़ियों के बीच मुकाबलों को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन किया। आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिताएं 22 सितंबर तक चलेंगी और इसी दिन समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। शुभारंभ दिवस पर 800 मीटर अमित भंडारी पौड़ी ब्लॉक प्रथम, द्वितीय स्थान लकी रुडोला कल्जीखाल और तृतीय स्थान अभिनाश नेगी कोट विकासखंड ने प्राप्त किया। विजेता खिलाड़ियों को मुख्यातिथि के हाथों मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख पौड़ी अस्मिता नेगी, ब्लॉक प्रमुख कल्जीखाल गीता देवी, जिला पंचायत सदस्य अनुज कुमार, कनिष्ठ प्रमुख कोट नीरज पटवाल, क्षेत्र युवा कल्याण अधिकारी नरेश रावत, युवा कल्याण अधिकारी कोट मनोज कुमार, बीडीओ दृष्टि आनंद, विधायक पौड़ी पीआरओ सुभाष रावत आदि मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन प्रवीण नेगी ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *