खेतों से लेकर रास्तों तक वन्यजीवों का खौफ, ग्रामीणों का फूटा आक्रोश

गुलदार-भालू के खौफ में जी रहे ग्रामीण, तहसील में किया प्रदर्शन
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गुलदार व भालू के खौफ में जी रहे ग्रामीणों का घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। दो दिन पूर्व भालू के हमले में चरेख गांव की महिला की मौत के बाद सोमवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में तहसील पहुंचे ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर मृतक महिला के स्वजन को एक करोड़ रुपये मुआवजा और उसके पुत्र को सरकारी नौकरी देने की मांग उठाई।


ग्राम प्रधान लीला देवी और उप प्रधान भक्तदर्शन सिंह के नेतृत्व में तहसील परिसर पहुंचे ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी संदीप कुमार को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान उत्तराखंड क्रांति दल और स्वाभिमान मोर्चा के कार्यकर्ता भी ग्रामीणों के समर्थन में पहुंचे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार और भालू की सक्रियता बनी हुई है, लेकिन वन विभाग और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना था कि घटना के बाद भी प्रशासनिक अधिकारियों ने गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार की सुध नहीं ली। ग्रामीणों ने भालू को आदमखोर घोषित कर उसे मारने की अनुमति देने की मांग की। साथ ही आबादी क्षेत्र में पिंजरा लगाने, वन विभाग की गश्त बढ़ाने और ग्रामीणों को सुरक्षा के लिए गांधी बंदूक व पटाखे उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि वन्यजीवों के आतंक के कारण ग्रामीणों का सामान्य जनजीवन प्रभावित हो रहा है। इस मौके पर लोक दर्शन सिंह नेगी, कैलाश नेगी, विक्रम सिंह, जगदीश सिंह, सुमित नेगी, आशा देवी और हेमवंती देवी, मीना देवी आदि मौजूद रहे। उत्तराखंड क्रांति दल ने भी मृतक महिला के परिवार को उचित मुआवजा देने और उसके पुत्र को सरकारी नौकरी देने की मांग की।

अंजना चलाती थी परिवार की आर्थिकी
भालू के हमले में जान गंवाने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अंजना नेगी के परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर सोमवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भी तहसील परिसर में धरना दिया। संगठन की अध्यक्ष बसंती रावत ने कहा कि अंजना आंगनबाड़ी में कार्यरत थीं और परिवार की आजीविका का एकमात्र सहारा थीं। उनकी मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मृतका के पुत्र को सरकारी नौकरी देने और परिवार को उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। इस मौके पर आशा कुकरेती, जयश्री मेहरा, अनीता देवी, भारती देवी, मंजू देवी, सावित्री देवी, विनीता देवी आदि मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *