बिग ब्रेकिंग

किसानों को उकसा रहे हैं वामपंथी: तीरथ

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

देश की आजादी के बाद पहली बार किसी सरकार ने सोचा है किसानों के बारे में
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी।
गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत ने कहा कि वामपंथी किसानों को उकसा रहे हैं। आजादी के बाद पहली बार किसी सरकार ने किसानों के बारे में सोचा है।
मंगलवार को गढ़वाल मुख्यालय में पत्रकारों से वार्ता के दौरान गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत ने कहा कि केंद्र सरकार ने ऐतिहासिक बजट पेश किया है। बजट नौजवानों, किसानों व महिलाओं को आत्म निर्भर बनाने में सहायक होगा। उन्होंने कहा कि किसान जिन ट्रैक्टरों का प्रयोग विरोध प्रदर्शन की रैली में कर रहे हैं। वह ट्रैक्टर भी किसानों को केंद्र सरकार ने बिना ब्याज के ऋण से दिए है। केंद्र सरकार की ओर से किसानों को देश में पहली बार सम्मान निधि भी दी जा रही है। किसानों को वामपंथी भड़का रहे हैं। आज देश पूर्ण रूप से आत्म निर्भर हो रहा है। देश ने पीपीई किट से लेकर कोरोना टीके तक का निर्माण किया है और विदेशों को भी उपलब्ध कराया है। कोरोना काल में ऑल वेदर सहित कई अन्य विकास कार्य प्रभावित हुए हैं। उन्हें अब तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन को 2024 तक पूर्ण होना है। इसके बाद रेल परियोजना से उत्तराखंड के चार धामों को जोड़़े जाने के लिए कार्य होगा। सांसद ने रेल योजना से गैरसैंण को जोड़े जाने की बात कही। सांसद ने कहा कि विकासखंड स्तर पर केंद्रीय विद्यालय खोले जाने की योजना है। श्रीनगर, कोटद्वार व अगस्त्यमुनि केंद्रीय विद्यालयों के लिए जल्द ही जमीन उपलब्ध करा दी जाएगी। पत्रकार वार्ता में नगर मंडल अध्यक्ष क्रांति किशोर नेगी, सांसद प्रतिनिधि धर्मवीर रावत, पूर्व महिला जिलाध्यक्ष मधु खुगशाल, संगीता रावत, शैलेंद्र नौटियाल, नरेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।

कार्यालय शिफ्ट न करने पर जताई नाराजगी
पौड़ी। समाज कल्याण कार्यालय को सुविधाजन स्थान पर स्थानांतरित न किए जाने पर सांसद ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पिछली दिशा की बैठक में कार्यालय स्थानांतरित किए जाने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन जानकारी मिली है कि अभी कार्यालय स्थानांतरित नहीं हुआ है। आगामी 3 मार्च को होनी वाली दिशा की बैठक में संबंधित अधिकारी से स्पष्टीकरण लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!