कोटद्वार से शुरू हुई देवभूमि खेल चेतना यात्रा, खिलाडियों ने दिया स्वस्थ जीवन का संदेश

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : युवाओं और खिलाड़ियों को खेलों के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से द्वितीय देवभूमि खेल चेतना यात्रा का कोटद्वार से आगाज हुआ। खेल विभाग, युवा कल्याण विभाग और पर्यटन विभाग के सहयोग से खेल जगत फाउंडेशन की ओर से आयोजित यात्रा को विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण और स्टेडियम प्रभारी श्याम सिंह डांगी ने गुब्बारे उड़ाकर एवं हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।


बारिश के बीच भी यात्रा के शुभारंभ कार्यक्रम में खिलाड़ियों का उत्साह कम नहीं हुआ। बड़ी संख्या में खिलाड़ी राजकीय स्पोट्र्स स्टेडियम पहुंचे। इस दौरान खेल जगत फाउंडेशन की ओर से खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया स्टेडियम से शुरू हुई यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी और वापस स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के माध्यम से युवाओं को खेलों से जुड़ने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति, संस्कृति एवं पर्यटन को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों के हितों से जुड़े संदेश भी लोगों तक पहुंचाए जा रहे हैं। आयोजकों ने कहा कि खेल केवल शारीरिक फिटनेस का माध्यम नहीं हैं। बल्कि युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। देवभूमि खेल चेतना यात्रा का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ना है। इस अवसर पर शरद गुप्ता, पारस भारद्वाज, यश गुप्ता, स्टेडियम के कोच विक्रम सिंह नेगी, मान सिंह थापा, तेजेंद्र सिंह रावत, महेंद्र सिंह रावत, राहुल यादव, शिवा चौधरी, हेमंत राठी, अमित कुमार, श्रवण सिंह, आशीष भट्ट, गब्बर सिंह और सूरज सिंह नेगी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *