काइल जैमीसन लॉर्ड्स टेस्ट में यह कारनामा करने वाले न्यूजीलैंड के तीसरे गेंदबाज बने

Spread the love

नईदिल्ली, न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज काइल जैमीसन ने इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले जा रहे पहले टेस्ट की पहली पारी में 5 विकेट लेकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वह लॉर्ड्स टेस्ट की पहली पारी में 5 विकेट लेने वाले केवल तीसरे कीवी गेंदबाज बने हैं। गुरुवार को उन्होंने लॉर्ड्स में खेले गए ऐतिहासिक 150वें टेस्ट मैच में 14 ओवर में 62 रन देकर इंग्लैंड के 5 बल्लेबाजों को आउट किया।
जैमीसन ने अपना टेस्ट डेब्यू कर रहे एमिलियो गे (8) को आउट करते हुए अपने विकेटों का खाता खोला। इसके बाद भी उनकी शानदार गेंदबाजी जारी रही और उन्होंने इंग्लैंड के मध्यक्रम में जैमी स्मिथ (1), बेन स्टोक्स (12) और गस एटकिंसन (4) को पवेलियन की राह दिखाई। इस कीवी आलराउंडर ने ओली रॉबिन्सन (1) का विकेट लेते हुए अपना 5 विकेट हॉल पूरा किया। उन्होंने 14 ओवर में 62 रन देते हुए ये सफलताएं हासिल की।महान ऑलराउंडर रिचर्ड हैडली अगस्त 1983 में लॉर्ड्स टेस्ट मैच की पहली पारी में 5 विकेट लेने वाले न्यूजीलैंड के पहले गेंदबाज थे। उन्होंने जुलाई 1986 में इस कारनामे को दोहराते हुए 6 बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई थी। पूर्व ऑलराउंडर क्रिस केर्न्स ने जुलाई 1999 में स्टीफन फ्लेमिंग की अगुवाई वाली टीम के लिए लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ 21.1 ओवर में 6/77 के आंकड़े के साथ हैडली के रिकॉर्ड की बराबरी की थी।जेमिसन अब लॉर्ड्स में टेस्ट मैच में 5 विकेट लेने वाले न्यूजीलैंड के 7वें गेंदबाज बन गए हैं। इस प्रतिष्ठित मैदान पर टेस्ट मैचों में सबसे अधिक 5 विकेट लेने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के पूर्व ऑलराउंडर इयान बॉथम के नाम दर्ज है, जिन्होंने 8 बार यह कारनामा किया है। उनके बाद जेम्स एंडरसन (7) और फ्रेड ट्रूमन (5) का नंबर आता है। जैमीसन की इस गेंदबाजी के कारण ही इंग्लिश टीम पहली पारी में 140 रन पर ढेर हो गई। जैमीसन को घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के बाद 2020 में टेस्ट खेलने का मौका मिला। उन्होंने भारत के खिलाफ 2020 वेलिंगटन टेस्ट में अपना टेस्ट पदार्पण किया था। अब तक उन्होंने 20 टेस्ट मैचों की 37 पारियों में लगभग 19 की उम्दा औसत से 85 विकेट लिए हैं। इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने 4 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसकी 6 पारियों में 24.28 की औसत से 14 विकेट हासिल किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *