लालपुल की जर्जर हालत पर उक्रांद ने जताई चिंता, वैकल्पिक पुल बनाने की मांग

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नजीबाबाद-बुआखाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोटद्वार-दुगड्डा के बीच खोह नदी पर बने लालपुल की जर्जर स्थिति को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल ने चिंता जताई है। उक्रांद पदाधिकारियों ने पुल का निरीक्षण कर शासन-प्रशासन से समय रहते वैकल्पिक पुल का निर्माण कराने की मांग की।


उक्रांद के पदाधिकारी लालपुल पर पहुंचे और पुल की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों के समय निर्मित यह पुल लंबे समय से आवाजाही का महत्वपूर्ण माध्यम है, लेकिन वर्तमान में इसकी स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। पुल पर कई स्थानों पर दरारें दिखाई दे रही हैं, जबकि लोहे के एंगल भी कई जगह मुड़ चुके हैं। उक्रांद पदाधिकारियों ने बताया कि पुल की बुनियाद जिन पत्थरों पर टिकी है, वहां पत्थर और सीमेंट की पकड़ भी कमजोर पड़ गई है। ऐसे में पुल से गुजरने वाले वाहनों और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर खतरा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि पुल की स्थिति को देखते हुए किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय शासन-प्रशासन को तत्काल वैकल्पिक पुल के निर्माण की दिशा में कदम उठाना चाहिए। इस दौरान महेंद्र रावत, रविंद्र सौंद, कृपाल गुसाईं, गोवर्धन काला, अमित सिंह, गुलाब सिंह रावत और हयात गुसाईं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *