सड़क पर अतिक्रमण करने वालों पर निगम की सख्ती, दो दर्जन रेहड़ी-ठेली जब्त

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शहर की सड़कों और फुटपाथ पर बेतरतीब तरीके से खड़ी रेहड़ी-ठेलियों के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। गुरुवार शाम निगम की टीम ने अभियान चलाकर दो दर्जन से अधिक रेहड़ी-ठेलियों को जब्त कर लिया। वहीं, सड़क किनारे सफेद पट्टी के बाहर सामान सजाने वाले व्यापारियों को भी अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी दी गई।


गोखले मार्ग पर अतिक्रमण लंबे समय से नगर निगम के लिए चुनौती बना हुआ था। यहां सफेद पट्टी खींचने और सीसीटीवी कैमरे लगाने के बाद रेहड़ी-ठेली संचालकों ने अन्य मार्गों पर कब्जा जमाना शुरू कर दिया। देवी रोड, पटेल मार्ग, स्टेशन रोड, नजीबाबाद रोड और बदरीनाथ मार्ग पर सड़क किनारे बेतरतीब खड़ी रेहड़ी-ठेलियों के कारण राहगीरों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। लगातार बढ़ रही समस्या को देखते हुए निगम की टीम ने गुरुवार शाम बदरीनाथ मार्ग से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया। टीम को देखते ही रेहड़ी-ठेली और फड़ संचालकों में अफरा-तफरी मच गई। कई संचालक अपना सामान समेटकर गलियों की ओर भागने लगे, लेकिन निगम की टीम ने पीछा कर कई रेहड़ी-ठेलियां जब्त कर लीं। नगर आयुक्त पीएल शाह ने बताया कि अभियान के दौरान दो दर्जन से अधिक रेहड़ी-ठेलियों को जब्त कर निगम परिसर में लाया गया है। सड़क किनारे सफेद पट्टी के बाहर सामान रखने वाले व्यापारियों को भी चेतावनी दी गई है। उन्होंने कहा कि शहर में यातायात और पैदल आवाजाही बाधित करने वाले अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *