नौकरी के बजाय स्वरोजगार का क्षेत्र अपनाएं युवा

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पढ़ाई पूरी करने के बाद सिर्फ नौकरी की तलाश करने के बजाय युवा किस तरह अपना कारोबार शुरू कर सकते हैं और दूसरों को रोजगार दे सकते हैं, इसे लेकर कोटद्वार महाविद्यालय में विद्यार्थियों को विशेषज्ञों ने जानकारी दी।


जिला उद्योग केंद्र की ओर से गुरुवार को डॉ. पीताम्बर दत्त बड़थ्वाल हिमालयन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में उद्यमिता प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में जिला उद्योग केंद्र की प्रबंधक उपासना सिंह ने विद्यार्थियों को सरकारी सेवा और निजी क्षेत्र के विकल्पों के साथ ही स्वरोजगार की संभावनाओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार क्षेत्र का चयन करना चाहिए। स्वयं का रोजगार शुरू करने से युवा आत्मनिर्भर बनने के साथ ही दूसरे लोगों को भी रोजगार दे सकते हैं। बैंकिंग विशेषज्ञों ने भी विद्यार्थियों को वित्तीय क्षेत्र से जुड़ी जानकारी दी। भारतीय रिजर्व बैंक के दर्शन उनियाल ने बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाओं की जानकारी दी, जबकि भारतीय स्टेट बैंक के सौरभ बोहरा ने उद्यम शुरू करने के लिए बैंकिंग सुविधाओं और वित्तीय सहायता के बारे में बताया। जिला उद्योग केंद्र के सहायक प्रबंधक देवेंद्र नाथ और आकांक्षा गुसाईं ने उद्यम स्थापित करने की प्रक्रिया, आवश्यक पंजीकरण तथा सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी। वहीं पर्यटन विभाग के संजय नेगी ने पर्यटन को रोजगार और स्वरोजगार का बेहतर माध्यम बताते हुए स्थानीय स्तर पर पर्यटन आधारित गतिविधियों से आय अर्जित करने की संभावनाएं बताईं। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डीएस नेगी ने विद्यार्थियों से कार्यशाला में मिली जानकारी को करियर निर्माण में उपयोग करने का आह्वान किया। डॉ. गणेश चंद ने शिक्षा के साथ कौशल विकास को भी जरूरी बताया। कार्यशाला में महाविद्यालय के शिक्षक-कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *