जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : खेल महाकुंभ के अंतर्गत लैंसडौन विधानसभा क्षेत्र की मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी का शुभारंभ गुरुवार को मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक महंत दिलीप रावत ने किया। प्रतियोगिता में विधानसभा क्षेत्र के तीनों विकासखंड जयहरीखाल, नैनीडांडा और रिखणीखाल के विद्यालयों के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।

प्रतियोगिताओं का आयोजन 17 से 21 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। इस दौरान कबड्डी, फुटबॉल, बैडमिंटन, एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। प्रतियोगिता में विद्यालय स्तर के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। मुख्य अतिथि विधायक महंत दिलीप रावत ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल महाकुंभ ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने प्रतिभागी खिलाड़ियों को अनुशासन एवं खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि जयहरीखाल ब्लॉक प्रमुख रणवीर सिंह सजवाण रहे। इस अवसर पर कनिष्ठ उपप्रमुख पूनम मैंदोला, भाजपा मंडल अध्यक्ष चंद्रकांत द्विवेदी, महिला मोर्चा अध्यक्ष मीना रौतेला सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे।