हरिद्वार। उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में जिले के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इंटर में वंशिका ने जिला टॉप कर प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया है तो हाईस्कूल में लविश ने अव्वल रहकर जिले का मान बढ़ाया है। दोनों कक्षाओं में कई छात्रों ने भी परीक्षा में बेहतरीन प्रदर्शन कर हरिद्वार को गौरवान्वित किया है। इंटरमीडिएट में जिला टॉप करने वाली वंशिका सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज मायापुर की छात्रा हैं। उन्होंने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त किया है, जो प्रदेश की मेरिट में तीसरा स्थान है। वहीं, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज सेक्टर-2 की छात्रा कशिश शर्मा ने 96.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में दूसरा और प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त किया है।
चौधरी बालचंद सिंह सैनी इंटर कॉलेज ढण्ढेडी की छात्रा तनिषा ने भी 96.60% अंक प्राप्त कर जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। शहिदे आजम इंटर कॉलेज इमलीखेड़ा के छात्रा मिसबा ने 96% अंक प्राप्त कर जिले में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। वहीं, हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा में सिटि पब्लिक स्कूल इंटर कॉलेज रुड़की के लविश ने जिला टॉप किया है। लविश ने हाईस्कूल में 96.80 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज मायापुर के छात्र अरुण शर्मा ने जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। अरुण शर्मा ने 95.60 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। वहीं, राष्ट्रीय इंटर कॉलेज औरंगाबाद के छात्र जोनिश कुमार ने जिले में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। जोनिश कुमार ने हाई स्कूल में 95.20% अंक प्राप्त किए हैं। जबकि आरएमपीपी गुरुकुल नारसन के छात्रा आरुषि ने 95% अंक प्राप्त कर हाई स्कूल की बोर्ड परीक्षा में जनपद में चौथा स्थान प्राप्त किया है।