अटकफार्म क्षेत्र में गुलदार की दहशत, वन विभाग ने बढ़ाई गश्त और लगाए पिंजरे

Spread the love

देहरादून। अटकफार्म क्षेत्र में लगातार गुलदार दिखने की घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त तेज कर दी है और पिंजरों की व्यवस्था की गई है। जगह-जगह कैमरा टैब लगाकर गुलदार को ट्रैप करने की कोशिश की जा रही है।
वन विभाग ने सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्राम प्रधानों के सहयोग से व्हाट्सऐप समूहों के माध्यम से जागरूकता अभियान भी शुरू किया है। ग्रामीणों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे जंगल की ओर न जाएं और सतर्क रहें। वन बीट अधिकारी अजय पवार ने बताया कि लगातार गश्त कर गुलदार की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पिंजरा भी लगाया गया है ताकि गुलदार को सुरक्षित तरीके से पकड़ा जा सके। झाझरा रेंज के वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि उच्च अधिकारी इस समस्या को लेकर गंभीर हैं और गुलदार को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जैसे ही किसी स्थान पर गुलदार दिखने की सूचना मिलती है, तुरंत क्षेत्रीय कर्मचारियों को मौके पर भेजा जाता है।
वन विभाग का कहना है कि ग्रामीणों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि गुलदार को पकड़ने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और जल्द ही इस समस्या का समाधान किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *