ई-मोबाइल वैन के जरिए गांव-गांव पहुंच रही कानूनी जागरूकता

Spread the love

अल्मोड़ा। जनपद में नए आपराधिक कानूनों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए पुलिस द्वारा ई-मोबाइल वैन के माध्यम से अभियान चलाया जा रहा है। इस पहल के तहत दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों और विद्यालयों में पहुंचकर नागरिकों और विद्यार्थियों को कानूनों की जानकारी दी जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देशन में चल रहे इस अभियान में अप्रैल माह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में इस सप्ताह कोतवाली चौखुटिया क्षेत्र के मासी, खीड़ा और थाना भतरौजखान क्षेत्र के गांवों व विद्यालयों में चौपाल लगाकर लोगों से सीधा संवाद किया गया। पुलिस टीम ने भारतीय न्याय संहिता 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 और भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023 के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी। साथ ही लोगों की शंकाओं का मौके पर ही समाधान किया गया। पुलिस ने बताया कि इन नए कानूनों से न्याय प्रणाली अधिक पारदर्शी और त्वरित बनेगी, जिससे आमजन को बेहतर सुरक्षा और शीघ्र न्याय मिल सकेगा। अभियान के दौरान साइबर अपराधों से बचाव, नशा मुक्ति और कानूनों के पालन के प्रति भी जागरूक किया गया। लोगों को साइबर सुरक्षा और नशा मुक्ति से जुड़े पंपलेट वितरित कर आवश्यक जानकारी दी गई। ई-मोबाइल वैन टीम में अपर उपनिरीक्षक पुष्कर सिंह खाती, कांस्टेबल वीरेंद्र सिंह रिंगवाल, कांस्टेबल सुमित कुमार और चालक कांस्टेबल अजय जोशी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *