जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रुद्रप्रयाग के तत्वावधान में बुधवार को अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, अगस्त्यमुनि में एक दिवसीय विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को संविधान, कानून, उनके मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना तथा समाज में विधिक चेतना को बढ़ावा देना था।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पायल सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में प्रत्येक नागरिक के लिए कानून की मूलभूत जानकारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विधिक जागरूकता व्यक्ति को अपने अधिकारों की रक्षा करने तथा अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने में सक्षम बनाती है। उन्होंने बाल अधिकार, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, नशे के दुष्प्रभाव, घरेलू हिंसा, बाल विवाह निषेध, दहेज प्रतिषेध तथा विभिन्न सामाजिक एवं कानूनी विषयों पर विस्तार से जानकारी प्रदान की। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर, असहाय एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को नि:शुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के साथ अन्याय होता है या उसे कानूनी सहायता की आवश्यकता पड़ती है, तो वह टोल-फ्री हेल्पलाइन 15100 अथवा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क कर सकता है। इस अवसर पर एडवोकेट देवेंद्र बिष्ट, रिटेनर लॉयर यशोदा खत्री, शिक्षक व स्कूली छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।