रुद्रपुर। जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय क्षेत्र स्थित चीफ हाउस कॉलोनी की तारबाड़ के पास शनिवार रात करीब नौ बजे तेंदुआ दिखाई देने से हड़कंप मच गया। कॉलोनी के कुछ लोगों ने तारबाड़ के पास तेंदुए को खड़ा देखा, जिसके बाद तत्काल पंतनगर सुरक्षा विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंच गए। सुरक्षा टीम एवं स्थानीय लोगों ने वाहन के हॉर्न बजाकर और शोर मचाकर तेंदुए को वहां से भगाने का प्रयास किया। काफी देर तक हल्ला होने के बाद तेंदुआ जंगल की ओर चला गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के जंगली जानवर समय-समय पर कॉलोनी के आसपास दिखाई देते रहते हैं, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बना रहता है। लोगों ने वन विभाग और प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग की है।
वन विभाग की सतर्क रहने की अपील: रविवार सुबह वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों व स्थानीय लोगों से पूछताछ की। टीम ने तेंदुए के संभावित मूवमेंट वाले रास्तों का भी निरीक्षण किया। टांडा रेंज के क्षेत्राधिकारी रूपनारायण गौतम ने कहा कि जंगल से सटा क्षेत्र होने के कारण वन्यजीवों का यहां आना स्वाभाविक है। उन्होंने लोगों से रात के समय अकेले बाहर न निकलने और खेतों की ओर जाते समय विशेष सतर्कता बरतने की अपील की।