नई टिहरी। टिहरी जिले के अलग-अलग बाजारों में खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से लिए गए छह खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच में मानकों के विपरीत पाए हैं। इनमें दही के तीन, दूध, पनीर और मैदा के एक-एक नमूने शामिल हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से इन मामलों में छह खाद्य कारोबारियों के खिलाफ न्याय निर्णायक अधिकारी/ एडीएम की अदालत में वाद दायर किया गया है। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी शारदा शर्मा ने बताया कि अलग-अलग तिथियों में बाजारों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए अभियान चलाया गया था। इस दौरान भरे गए सैंपलों को प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया था। प्रयोगशाला जांच में छह नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरे। संबंधित कारोबारियों को जांच रिपोर्ट पर अपना पक्ष रखने और उसे चुनौती देने का मौके दिया गया था। दो कारोबारियों की ओर से अपील में प्रस्तुत तथ्य संतोषजनक नहीं पाए गए और उनकी अपील खारिज कर दी गई। सभी छह मामलों में न्यायालय में अभियोजन की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।