बेहतर भारत निर्माण में श्रमिकों की सबसे बड़ी भूमिका : मकवाना

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राष्ट्रीय वाल्मीकि क्रांतिकारी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना ने कहा कि बेहतर भारत निर्माण में श्रमिकों की सबसे बड़ी भूमिका है। देश को स्वच्छ व स्वस्थ बनाने में सफाई कर्मचारी भी अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
शुक्रवार को राष्ट्रीय वाल्मीकि क्रांति मोर्चा की ओर से नगर निगम प्रेक्षागृह में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना व नगर आयुक्त पीएल शाह ने संयुक्त रूप से किया। आज देश के श्रमिक बेहतर भारत निर्माण में अपना योगदान दे रहे हैं। सरकार भी श्रमिकों के हितों को लेकर गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने संविधान निर्माता डा. भीमराव अंबेडकर के योगदान का भी जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने संविधान का निर्माण करते समय समाज के हर वर्ग के अधिकारों को सरंक्षित करने का काम किया है। उन्होंने सामाजिक भेदभाव को खत्म कर सामाजिक न्याय की व्यवस्था को कायम किया है। उन्होंने कहा कि देश के श्रमिकों के साथ ही सफाई कर्मी भी ईमानदारी के साथ अपने कार्यों का बखूबी निर्वहन कर रहे है। उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही केंद्र सरकार के कार्यों की भी सराहना की है। कहा कि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद से ही वाल्मीकि समाज को एक नई पहचान मिली है। उन्होंने राज्य सरकार के कार्यों की भी सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार के कार्यकाल में ही सफाई कर्मचारियों के हितों का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में ही सफाई कर्मियों के मृतक आश्रितों को नौकरी दी जा रही है। कहा कि कोराना काल की 10 हजार रूपए की प्रोत्साहन राशि भी भाजपा सरकार के कार्यकाल में दी गई है। कहा कि वर्तमान में सफाई कर्मचारियों का बोनस, मेडिकल सुविधा, साप्ताहिक अवकाश, ग्रेड पे, एसीपी का लाभ सहित सभी प्रकार की सुविधाएं दी जा रही है। नगर आयुक्त पीएल शाह ने कहा कि कर्मचारियों के हितों का ध्यान रखा जाएगा। कहा कि देश की आजादी से पहले देश दुनिया में शोषित व शोषण का दौर चलता रहा। कहा कि कर्मचारियों के शोषण को रोकना व अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना जरूरी है। कार्यक्रम में सफाई कर्मियों ने सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष के सम्मुख अपनी समस्याएं भी रखी। कहा कि कई वर्षों से सेवा दे रहे सफाई कर्मचारियों को नियमित किया जाए, साथ ही 15 किलोमीटर के दायरे में काम करने वाले सफाई कर्मचारियों के लिए सिटी बस की व्यवस्था की जाए या उन्हें वाहन भत्ता दिया जाए। इस मौके पर सहायक नगर आयुक्त चंद्रशेखर शर्मा, अजय अष्टवाल, सफाई निरीक्षक सुनील सिंह, विशाल विरला, प्रिंस लार्ड, विनोद सूद, राजेंद्र सोढी, महेंद्र घाघट, सरस्वती घाघट, शशि, जितेंद्र, यश गौडियाल मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *